Feb 9, 2011

संगीत

'गीतं, वाद्यं तथा नृत्यं, त्रयं संगीत मुच्यते'         
गायन, वादन और नृत्य इन तीनों कलाओं के सम्मिलित रूप को संगीत कहते है|
संगीत ईश्वर का रूप है | हमारे प्राचीन ग्रंथों में लिखा है कि भगवन नारद से कहते है कि "हे नारद-
नाहं वसामि वैकुंठे , योगिनां हृदये न च  |  
मद्भक्ता यत्र गायन्ति, तत्र तिष्ठामी नारद: ||  पद्म पुराण  
सभी कलाओं में संगीत का स्थान प्रथम है | कला का उद्देश्य आन्तरिक भावों की सुंदर अभिव्यक्ति करना है | संगीत में भाषा (शब्द)  स्वर, लय, ताल और भाव-भंगिमायें होती है इसलिए संगीत के माध्यम से भाव प्रकट करने में पूर्णतः स्पष्टता और सुविधा होती है | इसीलिए संगीत को सभी कलाओं में प्रथम स्थान मिला है |
संगीत वह ललित कला है जिसमें स्वर और लय के द्वारा हम अपने भावों को प्रकट करते है | ललित कला की श्रेणी में ५ कलायें आती है-संगीत, कविता, चित्रकला, मूर्तिकला और वास्तुकला | इन सभी कलाओं में संगीत को सर्वश्रेष्ठ माना गया है |
रागमाला 

मेरे गीत शोर थे केवल तुमसे लगी लगन के पहले
जैसे पत्थर-भर होती है हर प्रतिमा पूजन के पहले
स्वर थे लेकिन दर्द नहीं था 
मेरे छंद सुवासित कब थे  
आंसू के छींटों से पहले
जीवन से उद्भासित कब थे
मुझमें संभावना कब थी दर्दों के दोहन से पहले 
जैसे अमृत प्राप्य नहीं था सागर के मंथन से पहले 
अपने में सौंदर्य समेटे
होने को तो सृष्टि यही थी
लेकिन जो सुन्दरता देखे 
दृग में ऐसी दृष्टि नहीं थी 
स्वच्छ नहीं थी नज़र तुम्हारे रूपायित दर्शन के पहले
जैसे कांच मात्र रहता है कांच सदा दर्पण के पहले 
तुमसे जोड़े सूत्र स्नेह के
जुड़ बैठा मुझसे जग सारा
सारी दुनिया का हो बैठा
मैं जिस दिन हो गया तुम्हारा
मैं था बहुत अपरिचित निज से तुमसे परिचय-क्षण के पहले
जैसे सीप न जन्मे मोती स्वाति-नखत जल-कण के पहले 
कोकिल जितना घायल होता 
उतनी मधुर कुहुक देता है 
जितना धुंधवाता है चन्दन
उतनी अधिक महक देता है
मैं तो केवल तन ही तन था मुझमें जगे मन के पहले 
जैसे सिर्फ बांस का टुकड़ा है बंसी-वादन के पहले
                                                                    (दूलनदास) 

संगीत में शरीर, मन व आत्मा तीनों को बलवान बनाने वाले तत्त्व परिपूर्ण मात्रा में विद्यमान है | संगीत से पीड़ित हृदय और मन को संतोष मिलता है | संगीत विश्व की अणुरेणु में परिव्याप्त है | संगीत समस्त विज्ञानों का मूलाधार है तथा ईश्वर के द्वारा संगीत का निर्माण विश्व के वर्तमान विसंवादी प्रवृत्तियों के निराकरण के लिए हुआ है | संगीत के प्रभाव से शारीरिक शिक्षा में सरसता और सजीवता आ जाती है |   अलौकिक संगीत का एक दिव्य प्रवाह समूची सृष्टि में सतत संचारित होता रहता है | इसे अनाहत नाद कहते है | मनोविकरों के निवारण में संगीत को सफल उपचार के रूप में प्रयोग किया जा सकता है | हमारे साधु-संतों की संगीत साधना का ही ये प्रभाव था की कबीर, सूर, तुलसी, मीरा, तुकाराम, नरसी मेहता ऐसी कृतियाँ कर गये जो हमारे और संसार के साहित्य में सर्वदा ही अपना विशिष्ट स्थान रखेंगी |
                                        जय माँ सरस्वती 
                                           जय संगीत
आज इतना ही...       
 
 
     

No comments:

Post a Comment